गुरुग्राम: एनसीसी सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं, चरित्र निर्माण की पाठशाला: राम नरेश
-लायंस स्कूल में एनसीसी शक्ति, देशभक्ति व लीडरशिप का दिखा संगम
-लायंस पब्लिक स्कूल में एनसीसी का प्रेरणा देने वाला इवेंट
गुरुग्राम, 18 नवंबर (हि.स.)। यहां सेक्टर-10ए स्थित लायंस पब्लिक स्कूल में शक्ति, देशभक्ति और लीडरशिप का संगम देखने को मिला। यह कार्यक्रम 5-हरियाणा बटालियन एनसीसी गुरुग्राम ने आयोजित किया। इसमें रोहतक ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश चीफ गेस्ट के तौर पर और कर्नल समीर कुमार कौशिक विशेष अतिथि के तौर पर पहुंचे।
स्कूल के प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि इस अवसर पर स्कूल में बेहतरीन सजावट की गई।
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर राम नरेश द्वारा करियर पर चर्चा और एक देश, एक भावना, एक गर्व दिखाई गई। सत्यमेव जयते लिखा एनसीसी का बैनर देशभक्ति का प्रतीक बन गया। एसडी/एसडब्ल्यू कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान प्रिंसिपल दीपिंदर कौर, डिप्टी प्रिंसिपल डॉ. मोनिका लक्कड़ा, कोऑर्डिनेटर किरण बाला और अनीता वाधवा और फिजिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के हेड लक्ष्मण सिंह मौजूद थे। ब्रिगेडियर राम नरेश ने डिसिप्लिन, करेज, लीडरशिप, देशभक्ति और आर्म्ड फोर्सेज में करियर के मौकों के बारे में बात की। कर्नल समीर कुमार कौशिक ने भी अपने विचार रखे। इसके बाद एक डायलॉग सेशन हुआ।
ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की पाठशाला है। यहां कैडेट सबसे पहले डिसिप्लिन सीखता है। समय पर उठना, परेड में एक साथ कदम मिलाना, आदेश का पालन करना और अपनी जिम्मेदारी खुद निभाना, ये छोटी-छोटी आदतें ही उसे जीवन में बड़ा बनाती हैं। दूसरा बड़ा गुण है करेज यानी साहस।
एनसीसी के कैंप, ट्रैकिंग, फायरिंग, रॉक क्लाइम्बिंग और आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग कैडेट को डर से लडऩा सिखाती है। वह कठिन परिस्थिति में भी घबराता नहीं, बल्कि आगे बढक़र सामना करता है। तीसरा स्तंभ है लीडरशिप। परेड कमांडर बनना हो, कैंप में टीम संभालनी हो या सामाजिक सेवा का अभियान चलाना हो, एनसीसी हर कैडेट को नेतृत्व का मौका देता है। इससे उसमें निर्णय लेने की क्षमता, टीम भावना और दूसरों को साथ लेकर चलने की कला विकसित होती है।
एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार लीडर बनाती है: राजीव कुमार
विद्यालय के प्रबंधक राजीव कुमार ने कहा कि एनसीसी आम्र्ड फोर्सेज में करियर का भी द्वार खोलती है। एनसीसी युवाओं को अनुशासित, साहसी, देशभक्त और जिम्मेदार लीडर बनाती है। चाहे स्कूल हो या कालेज, विद्यार्थियों को एनसीसी में हमेशा गर्व और गौरव के साथ भागीदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन होगा तो हम हर काम, हर बाधा को बेहतरी से पार कर सकेंगें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

