यमुनानगर:शादी की पांचवीं सालगिरह पर युवक ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:शादी की पांचवीं सालगिरह पर युवक ने की आत्महत्या


यमुनानगर, 21 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के जम्मू कॉलोनी क्षेत्र में एक 32 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना वाले दिन उसकी शादी की पांचवीं सालगिरह थी। परिजनों के अनुसार, युवक की पत्नी पिछले कुछ दिनों से मायके गई हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

मृतक की पहचान चिराग (32) के रूप में हुई है, जो एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत था। उसका विवाह सहारनपुर निवासी मोनिका से हुआ था और उनका तीन वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों ने बताया कि सोमवार रात्रि भोजन के बाद चिराग अपने कमरे में चला गया था। देर रात तक वह मोबाइल का उपयोग करता रहा। सुबह उसके कमरे का दरवाजा बंद होने के बावजूद परिजनों को संदेह नहीं हुआ, क्योंकि वह अक्सर बिना बताए काम पर चला जाता था।

घटना का खुलासा मंगलवार दोपहर बाद हुआ, जब उसकी मां छत पर गईं और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया।

खिड़की से झांकने पर युवक फंदे पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत अन्य परिजनों और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने बताया कि युवक ने कपड़े से फंदा बनाकर यह कदम उठाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और परिवार ने भी किसी प्रकार के विवाद या दबाव से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story