सिरसा: चुनावी रंजिश के चलते व्यक्ति की गोली मार कर हत्या

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले के कालांवाली क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान गांव धर्मपुरा निवासी हरि सिंह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात को हरि सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ कार में सवार होकर गांव दादू से तिलोकेवाला जा रहा था। रास्ते में हमलावरों ने उसे घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। हरि सिंह व उसके साथी ने गाड़ी से उतरकर जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे हरि सिंह की मौत हो गई जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार हरि सिंह का पंचायत चुनाव के दौरान दूसरे पक्ष से झगड़ा हो गया था। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story