हिसार : राहगीर की करंट लगने से माैत,मृतक की पहचान नहीं

WhatsApp Channel Join Now

फ्लेमिंगो टूरिस्ट कॉम्पलैक्स के समीप हुआ हादसा, पहचान नहीं

हिसार, 16 जुलाई (हि.स.)। शहर के फ्लेमिंगो टूरिस्ट कॉम्पलैक्स के समीप गुरुवार

को पैदल गुजर रहा करीब 44 वर्षीय एक व्यक्ति जैसे ही सड़क किनारे लगे स्टील के बिजली

पोल के करीब पहुंचा, उसका हाथ गलती से पोल से छू गया। छूते ही एक तेज धमाका हुआ और

चंद पलों में ही उस व्यक्ति की खड़े-खड़े मौत हो गई।

करंट का झटका इतना भीषण था कि मौत के बाद भी उसका शरीर जमीन पर नहीं गिरा और

वह पोल व दीवार के बीच बेजान स्थिति में सीधे खड़े ही जम गया। मृतक लाल रंग की बनियान

पहने हुआ था और देखते ही देखते मौके पर राहगीरों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र

हो गई। इस दर्दनाक हादसे के पीछे सीधे तौर पर बिजली निगम की भारी लापरवाही सामने आ

रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पोल के ठीक ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज लाइन

के कई नंगे और खुले तार नीचे की तरफ लटके हुए थे। अचानक हाथ इन खुले तारों के संपर्क

में आते ही इतना तेज करंट दौड़ा कि व्यक्ति को संभलने या खुद को पीछे खींचने तक का

मौका नहीं मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल

भिजवाया। पीएलए चौकी इंचार्ज आनंद कुमार ने बताया कि अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई

है, इसलिए शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस अगले 72 घंटे तक उसकी शिनाख्त

की कोशिश करेगी, और यदि पहचान नहीं हो पाती है, तो पोस्टमॉर्टम करवाकर आगे

की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story