सिरसा: गर्मी की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
सिरसा, 28 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा जिले में एक व्यक्ति की तेज बुखार व गर्मी के कारण मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति शराब ठेके पर हेल्पर के तौर पर कार्यरत था। रात को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी और तेज बुखार हुआ। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव नुहियांवाली निवासी मृतक अजय के भाई सुनील कुमार ने बताया कि उसका भाई एक शराब ठेके पर कार्यरत था। सोमवार रात्रि को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी और तेज बुखार हुआ। वह रात को ठेके पर ही सो गया। रात्रि को उन्हें सूचना मिली कि अजय की तबीयत बिगड़ गई है, जिस पर वे मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि लू की चपेट में आने के कारण अजय की मौत हुई है। शव का सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं हरियाणा के स्वास्थ्य ने विभाग ने मौजूदा एवं अनुमानित भीषण गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। सामान्य से अधिक तापमान की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और हीट-हेल्थ एक्शन प्लान को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, आईवी फ्लूड, आइस पैक सहित अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

