हिसार : बुलेट से पटाखे की आवाज निकालना पड़ा महंगा, साढ़े 23 हजार रुपये का चालान किया

WhatsApp Channel Join Now

मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की सख्ती, 15 दिन में बिना नंबर प्लेट और ट्रिपल

राइडिंग के 1085 चालान

हिसार, 17 सितंबर (हि.स.)। बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे

जैसी तेज आवाज निकालना एक चालक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने गुरुवार काे कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल

चालक का 23 हजार 500 रुपये का चालान किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर तेज

और पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर निगरानी और कार्रवाई

लगातार जारी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने

वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार

ने गुरुवार काे बुलेट चालक के खिलाफ यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कुछ वाहन चालक मोटरसाइकिलों

में अनधिकृत रूप से बदलाव कर तेज आवाज और पटाखे जैसी आवाज निकालते हैं। इससे सड़क पर

चलने वाले अन्य लोगों को परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

जिला पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान

तेज किया है। सितंबर के शुरुआती 15 दिनों में बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने के 579 और

ट्रिपल राइडिंग के 506 चालान किए गए। दोनों नियमों के उल्लंघन पर कुल 1085 चालान किए

जा चुके हैं।

एएसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए

नहीं, बल्कि वाहन चालक और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।

वाहन चालकों को अपने वाहनों में ऐसा कोई अनधिकृत बदलाव नहीं करवाना चाहिए, जिससे तेज

आवाज पैदा हो या दूसरे लोगों को परेशानी हो। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर

से पटाखे जैसी आवाज निकालना, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना और ट्रिपल राइडिंग करना यातायात

नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में हिसार पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story