जींद: नशा बेचने वालों की शिकायत पुलिस से करें और बिल्कुल डरे नहीं: एसपी कुलदीप सिंह
जींद, 15 सितंबर (हि.स.)। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता है बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। नशे की लत व्यक्ति को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ अपराध की ओर भी धकेल सकती है। उन्होंने लोगों को नशामुक्त की सलाह दी और कहा कि पुलिस ने एक सेल बनाया है, जो नशा छोडऩा चाहते हैं। पुलिस ऐसे लोगों को अपनी गाड़ी में बैठा कर दवा दिलाएगी व घर वापसी भी करवाएगी।
एसपी कुलदीप सिंह मंगलवार को गांव अशरफगढ़ में माजरा खाप पंचायत द्वारा आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता शिविर को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। शिविर की अध्यक्षता माजरा खाप प्रधान गुरविंदर सिंह संधू ने की। जबकि मंच संचालन माजरा खाप प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर ने किया। एसपी कुलदीप सिंह ने माजरा खाप की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी संगठनों को आगे आ कर नशामुक्ति के लिए कार्य करना चाहिए। पुलिस नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे लोगों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी व जेसीबी की सहायता से नशे के रुपयों से बनाई गई संपत्ति को गिराने का काम भी किया जाएगा। यदि ये लोग नशा बंद नही करते हैं तो लोगों को को निर्भय हो कर नशा बेचने वालों की शिकायत पुलिस से करें और बिल्कुल डरे नही। पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
बाकायदा पुलिस स्टाफ को भी सख्त हिदायत दी गई है कि नशा तस्करी के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। एसपी ने युवाओं से कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपने आसपास किसी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में देखते हैं तो उसे नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करें तथा आवश्यकता पडऩे पर पुलिस एवं संबंधित नशा मुक्ति केंद्रों की सहायता लें। माजरा खाप प्रधान गुरविंद्र संधू ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए माजरा खाप सरकार व प्रशासन का पूरा सहयोग करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

