पानीपत: सैन्य वाहन डिवाइडर से टकराया, मेजर गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now

पानीपत, 16 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव मनाना के पास शनिवार को दिल्ली से अंबाला की ओर जा रही भारतीय सेना की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में सैन्य वाहन अचानक बेकाबू हो गया और सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि गाड़ी हवा में उछलते हुए बीच सड़क पर पलट गई। इस भीषण हादसे में गाड़ी में सवार सेना के एक मेजर और उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक गनमैन बाल-बाल बच गया।

घायलों की पहचान मेजर यतिन और उनके ड्राइवर जतिन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेना की गाड़ी काफी तेज गति से चल रही थी। जैसे ही गाड़ी मनाना गांव के पास पहुंची, तो आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा। गाड़ी तेजी से डिवाइडर पर चढ़ी और पलट गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों तरफ का ट्रैफिक थम गया। आस-पास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए सेना के जवानों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में घायल हुए सैन्य अधिकारियों की पहचान मेजर यतिन और उनके ड्राइवर जतिन के रूप में हुई है। वहीं गाड़ी में सवार गनमैन अक्षय को मामूली खरोंचें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और डीएसपी सतीश वत्स पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस का प्रबंध कर दोनों घायलों को पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेजर यतिन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सेना के कमांड अस्पताल (हायर सेंटर) के लिए रेफर कर दिया। सेना की मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि शनिवार को सेना की एक टीम दिल्ली से अंबाला की तरफ जा रही थी। मनाना के पास यह हादसा हुआ, जिसमें गाड़ी में सवार तीन लोगों में से दो को चोटें आई हैं। मिलिट्री के वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story