रोहतक में एसी का कंप्रेशर फटने से आधा दर्जन दुकानों में लगी भयंकर आग, भारी नुकसान
डी-पार्क पर हुआ बड़ा हादसा, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्त के बाद आग पर पाया काबू
रोहतक, 09 जून (हि.स.)। शहर के डी पार्क पर स्थित एक जूतों के शोरूम में एसी का कंप्रेशर फटने से मंगलवार को भयंकर आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेते हुए साथ लगती आधा दर्जन के करीब कपड़े, कास्टमेटिक की दुकानों व शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में लगी आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के क्षेत्र में हडकंप मच गया और लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
डीपार्क पर दुकानों में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाडियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। दुकानों व शोरूम में आगजनी की इस घटना से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। मंगलवार दोपहर को डी पार्क स्थित एक जूतों के शोरूम में छत पर लगा एसी का कंप्रेशर अचानक से फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार बाहर आए तो देखा कि शोरूम में आग लगी हुई है। आग ने विकराल रूप लेते हुए शोरूम के आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दुकानों में आग लगते ही भगदड़ मच गई और लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल विभाग की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया। इस दौरान सडक़ पर जाम भी लग गया। ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकाला। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्त के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। आग लगने से दुकान व शोरूम में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने पर उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित भी मौके पर पहुंचे।
डी पार्क पर जिस जगह यह घटना हुई है, वहां से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का आवास पांच सौ मीटर दूरी पर है। पीड़ित दुकानदारों ने सरकार व जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। रोहतक ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत बख्शी ने भी इस घटना में जिन व्यापारियों का नुकसान हुआ है, उनके प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और सरकार से तुंरत आगजनी से प्रभावित लोगों को हुए नुकसान का शीघ्र आंकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों व दुकानों में अग्निश्मन के आवश्यक उपकरण अनिवार्य रूप से रखने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

