सोनीपत में फैब्रिक सप्लाई के नाम पर साइबर ठगी
सोनीपत, 16 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
के सेक्टर-35 स्थित ट्यूलिप ग्रैंड निवासी एक व्यक्ति से फैब्रिक सप्लाई के नाम पर
सात लाख 81 हजार 847 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना
साइबर क्राइम सोनीपत ने गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित
अभिषेक सिंह फैब्रिक सप्लायर की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पहचान फेसबुक के माध्यम
से रमन पटेल नाम के व्यक्ति से हुई। आरोपी ने खुद को भीम पॉलीफैब इंडस्ट्रीज का एजेंट
बताकर भरोसा जीत लिया।
इसके बाद बातचीत व्हाट्सएप पर शुरू हुई और आरोपी ने प्रोफॉर्मा
इनवॉइस भेजकर सौदा पक्का करने का दबाव बनाया। बाजार में माल की तात्कालिक मांग का हवाला
देते हुए आरोपी ने अग्रिम भुगतान मांगा। पीड़ित ने दस्तावेजों को सही मानते हुए 11
अप्रैल 2026 को आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए खाते में पूरी राशि स्थानांतरित कर दी।
राशि मिलते ही आरोपी ने नई चाल चली और बिना सहमति माल की मात्रा बढ़ाकर संशोधित बिल
भेज दिया। विरोध करने पर आरोपी ने परिवहन दस्तावेज के रूप में बिल्टी भेजी, जो जांच
में पूरी तरह फर्जी और संपादित निकली। बैंक विवरणों में गड़बड़ी का संदेह होने पर पीड़ित
ने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में संपर्क तोड़ दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

