पलवल: 29 एकड़ में बनी आठ कॉलोनियां ध्वस्त, डीटीपी की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
पलवल: 29 एकड़ में बनी आठ कॉलोनियां ध्वस्त, डीटीपी की कार्रवाई


पलवल, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए 29 एकड़ कृषि भूमि पर विकसित की जा रही आठ अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शहर समेत आधा दर्जन स्थानों पर एक साथ की गई, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

तोड़फोड़ अभियान के दौरान विभाग की टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से 55 से 60 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स), एक निर्माणाधीन मकान, दो प्रॉपर्टी डीलरों के कार्यालय और करीब तीन हजार मीटर लंबी सड़कों को ध्वस्त किया। इसके अलावा बिजली के खंभों सहित अन्य अवैध ढांचों को भी गिराया गया।

शहर के पंचवटी रोड वधौलागढ़ क्षेत्र में करीब साढ़े नौ एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 20 एकड़ भूमि पर पृथला में तीन, जैंदापुर-मैदोला में एक और हरफली गांव में दो अवैध कॉलोनियों को निशाना बनाया गया।

कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं डीटीपी अनिल मलिक के नेतृत्व में विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कुछ स्थानों पर विरोध के प्रयास भी हुए, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते स्थिति नियंत्रण में रही।

डीटीपी अनिल मलिक ने शनिवार को कहा कि जिले में अवैध कॉलोनियां काटने वाले प्रॉपर्टी डीलरों और भू-मालिकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story