राेहतक : सत्यवान अपहरण व हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रदीप डागर व साथी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
राेहतक : सत्यवान अपहरण व हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रदीप डागर व साथी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार


रोहतक, 03 मार्च (हि.स.)। रोहतक पुलिस ने सत्यवान अपहरण व हत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप डागर और उसके साथी सोमबीर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगने के बाद उपचार के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार काे बताया कि 20 फरवरी को गांव खरावड़ आउटर बाईपास पुल के पास गोलियों से छलनी एक ब्रेज़ा कार मिली थी। मौके पर खून और खोल बरामद हुए। जांच में युवक की पहचान खेड़ी साध निवासी सत्यवान पुत्र स्व. दिवान के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर थाना आईएमटी में मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हमलावरों ने सत्यवान पर फायरिंग कर उसका अपहरण कर लिया था और वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। गत 24 फरवरी को कन्हेली-पहरावर रोड स्थित जेएनएल नहर से सत्यवान का शव बरामद हुआ। इससे पहले इस हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच देसी पिस्ताेल और पांच राउंड बरामद किए जा चुके हैं।

इसी क्रम में साेमवार रात काे सीआईए-2 स्टाफ को सूचना मिली कि मामले में वांछित दो मुख्य आरोपी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने कन्हेली-पहरावर रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कुल 14 राउंड फायर हुए, जिनमें 9 फायर आरोपियों तथा 5 फायर पुलिस द्वारा किए गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के झाड़ौदा कलां निवासी प्रदीप डागर पुत्र प्रताप व राेहतक के मदीना निवासी सोमबीर पुत्र महेन्द्र के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गहनता से जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story