जुलाना में अपहरण कर 50 लाख की रंगदारी मांगने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जुलाना में अपहरण कर 50 लाख की रंगदारी मांगने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार


जींद, 25 नवंबर (हि.स.)। युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने, पिस्तौल दिखाकर धमकी देने व 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मुख्य आरोपित जुलाना निवासी प्रवीण उर्फ सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

जुलाना थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि झमौला निवासी अंबर ने पुलिस को शिकायत देकर कहा था कि वह 22 नवंबर वह अपने दोस्त के साथ जुलाना के मुख्य बाजार स्थित शराब ठेके के पास खड़ा था। इसी दौरान उसके जानकार ठेकेदार का फोन आया, जिसने उसे पुराने थाना के ग्राउंड में लगे मेले में आने के लिए कहा। अंबर ने कहा कि वह अपने दोस्त के साथ अपनी गाड़ी लेकर मेले की पार्किंग में पहुंचा तो प्रवीन उर्फ सेठी वासी जुलाना व दो-तीन अन्य लोगों के साथ मौजूद मिला। प्रवीन उर्फ सेठी ने उसको घर छोड़ने के लिए कहा। मेले के गेट पर पहुंचने पर एक युवक बाइक लेकर खड़ा मिला। प्रवीन ने उसे अपने साथ बाइक पर बैठने के लिए कहा।

प्रवीन व दूसरे युवक ने उसे बाइक पर बैठाकर उसके मकान पर पहुंचाया। जहां प्रवीन व उसके साथियों ने उसे जबरदस्ती बंधक बना लिया। उसके हाथ-पैर बांध दिए व डंडों से बेरहमी से मारपीट की। आरोपितों ने उससे 72 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन छीन लिए। प्रवीन उर्फ सेठी ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से उसे डराया और उसकी छाती पर रिवाल्वर तान दी।

आरोपितों ने उससे 50 लाख रुपये की मांग की और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्रवीन उर्फ सेठी को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मंगलवार शाम को प्रवीन उर्फ सेठी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित से लाइसेंसी पिस्तौल व 6 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा वारदात में प्रयोग किया गया अन्य सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story