महाराजा अग्रसेन संपूर्ण भारतीय समाज की महान विभूति थे:नायब सैनी
5150वीं जयंती के अवसर पंजाब के पटियाला में पहुंचे हरियाणा के सीएम
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पटियाला जिला के पातड़ां (पंजाब) के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के पावन अवसर पर युवा अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने अहिंसा, समाजवाद और करुणा के प्रतीक महाराजा अग्रसेन जी के चरणों में शत-शत नमन करते हुए सभी देशवासियों को जयंती और नवरात्रों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी केवल अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारतीय समाज की एक महान विभूति थे, जिन्होंने अपने राज्य में 'एक ईंट और एक सोने की मोहर' जैसी अनूठी और दूरदर्शी परंपरा की शुरुआत की थी ताकि हर नया परिवार आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने पशु बलि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर मानव इतिहास में अहिंसा का सामाजिक नियम स्थापित किया।
सैनी ने कहा कि अग्रवाल समाज का इतिहास हमेशा से राष्ट्र निर्माण, दानशीलता और मानवता की सेवा में स्वर्णिम रहा है। उन्होंने भामाशाह से लेकर देश और दुनिया में समाज का नाम रोशन करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, संतों, साहित्यकारों और उद्योगपतियों का विशेष रूप से स्मरण किया।
अपने संबोधन में हरियाणा के औद्योगिक और आर्थिक विकास का खाका रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य सरकार 'विकसित हरियाणा 2047' के विजन के तहत 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और 50 लाख नए रोजगार सृजित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। हरियाणा आज देश में स्टार्टअप संस्कृति के मामले में चौथे स्थान पर है, जहां 12 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप, 19 यूनिकॉर्न और 250 से ज्यादा फॉर्च्यूनर-500 कंपनियां मौजूद हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सरकार ने उद्योगों और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के लिए प्लग-एंड-प्ले नीति, पद्मा कार्यक्रम और 1100 से अधिक गैर-जरूरी नियमों को समाप्त करने जैसे कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

