कैथल में पिहाेवा चाैक का नाम, महाराजा अग्रसेन चौक के नाम पर रखने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में पिहाेवा चाैक का नाम, महाराजा अग्रसेन चौक के नाम पर रखने की तैयारी


शहरी निकाय मंत्री ने प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश

कैथल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कैथल में पिहोवा चौक का नाम महाराजा अग्रसेन चौक रखने की मांग एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इसे पिहाेवा चाैक से बदल कर पहले नवग्रह चाैक किया गया था, लेकिन आज भी इसे पहले नाम से ही जाना जाता है। अब महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में गीता भवन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने अग्रवाल समाज की मांग पर कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग से इस संबंध में प्रस्ताव पारित करवाकर चौक की सुंदर ड्राइंग तैयार कराने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे भेजने को कहा।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि चौक के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अगली महाराजा अग्रसेन जयंती पर चौक का उद्घाटन करने के लिए कैथल पहुंचने की बात भी कही। गीता भवन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री विपुल गोयल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और उनके विचारों को वर्तमान समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनके सिद्धांत समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव हैं। करीब 5150 वर्ष पहले महाराजा अग्रसेन ने ‘एक रुपया-एक ईंट’ की परंपरा के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता और आर्थिक असमानता को दूर करने का जो विचार दिया था, वह आज भी समाज को परस्पर सहयोग की प्रेरणा देता है।

अग्रोहा की विरासत को सामने लाने पर जोर

मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के इतिहास और उनकी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। अग्रोहा में पुरातात्विक स्थल की खुदाई का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अभी लगभग 82 प्रतिशत खुदाई का काम बाकी है। प्रदेश सरकार ने इस कार्य के लिए 40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। खुदाई पूरी होने के बाद महाराजा अग्रसेन के इतिहास और उस काल की विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। उन्होंने हिसार के नए एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखे जाने को समाज के लिए गौरव का विषय बताया। विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के समाजवाद, समानता और जनकल्याण के विचार आज भी विकास का रास्ता दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ आगे बढ़ रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759352 Articles

Share this story