सिरसा: महापंचायत में हरियाणा-राजस्थान के किसान नेताओं ने भरी हुंकार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: महापंचायत में हरियाणा-राजस्थान के किसान नेताओं ने भरी हुंकार


सिरसा, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव शक्कर मंदोरी में सोमवार को किसान-मजदूर महापंचायत हुई, जिसमें हरियाणा तथा सीमावती प्रदेश राजस्थान के कई किसान नेताओं ने शिरकत की। महापंचायत में मुख्य मुद्दे सेमनाले की सफाई, जल भराव की समस्या और फसल खराबे का मुआवजा को किसान मजदूर महापंचायत में उठाया गया।

महापंचायत में भादरा के पूर्व विधायक बलवान पूनियां ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। सभी को एकजुट होकर लड़ाई लडऩी पडे़गी। नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के करीब 20 गांवों में सेम की समस्या गंभीर बनी हुई है और यह समस्या तब और गंभीर हो जाती है जब बारिश के मौसम में सेम नाले का पानी ओवरफ्लो हो जाता है और फसलें पानी में डूब जाती है जिससे किसान की मेहनत बेकार हो जाती है। यह कहानी एक दो नहीं बल्कि हर साल दोहराई जाती है। लेकिन सरकार प्रशासन द्वारा समय रहते कोई उपाय नहीं किए जाते।

किसान नेताओं ने सरकार से मांग की कि अभी बारिश का मौसम काफी दूर है और समय रहते सेमनाले की सफाई व्यवस्था और पिछले साल जल भराव से खराब हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए। सरपंच संतोष बैनीवाल ने कहा कि सेमनाले की समस्या हर साल बारिश के मौसम में गंभीर बन जाती है जिससे गांवों के डूबने का खतरा बना रहता है।

महापंचायत में का. बलवान पूनिया, का. मंगेज चौधरी, संदीप धीरणवास, इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला, संतोष बेनीवाल, सरपंच रिटा कासनियां, प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा, सुरजीत सिंह पहुंचे। महापंचायत में निर्णय लिया गया कि आगामी तीन जून को सिरसा के ओटू हेड पर एक किसान महा पंचायत का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story