सोनीपत: रक्त से शहीद भगत सिंह का चित्र बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: रक्त से शहीद भगत सिंह का चित्र बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया








-शहीद भगत सिंह की जयंती पर शहरभर से निकाली गई तिरंगा यात्रा

-शहीद भगत सिंह के पौत्र यादविंद्र सिंह संधू ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ

सोनीपत, 28 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत की धरती गुरुवार को एक विश्व कीर्तिमान की गवाह बन गई। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की रक्त से तस्वीर बनाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। शहीद भगत सिंह के पौत्र यादविंद्र सिंह संधू ने तिरंगा यात्रा में बतौर मुख्यातिथि यात्रा का शुभारंभ किया। अध्यक्षता सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार ने की। यात्रा का शुभारंभ करने से पहले सबसे पहले भारत माता के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की, विधायक सुरेंद्र पंवार ने भी अपने रक्त से शहीद भगत सिंह के चित्र बनाने में योगदान दिया। तिरंगा यात्रा का शहर के विभिन्न मुख्य मार्गो से होते हुए गुजरी। ब्राइट स्कॉलर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए शहीद भगत सिंह के चित्र शहीद भगत सिंह बिग्रेड के अध्यक्ष यादविंद्र सिंह संधू ने देखे व विद्यार्थियों की कला की सराहना की।

शहीद भगत सिंह बिग्रेड के अध्यक्ष यादविंद्र संधू ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए बड़ा ऐतिहासिक दिन है। जो हम खुली हवा में सांस ले रहे है इसमें शहीदों का सबसे बड़ा योगदान है। शहीद भगत सिंह जी का जन्म 28 सितम्बर 1907 को हुआ था। शहीद भगत सिंह भारत के एक महान स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रान्तिकारी थे। शहीद चन्द्रशेखर आजाद व पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अभूतपूर्व साहस के साथ शक्तिशाली ब्रिटिश सरकार का मुकाबला किया। जेल में रहते हुए शहीद भगत सिंह जी लेख लिखकर अपने क्रान्तिकारी विचार व्यक्त करते रहते थे। जेल में रहते हुए भी भगत सिंह जी का अध्ययन लगातार जारी रहा। उनके उस दौरान लिखे गये लेख व सगे सम्बन्धियों को लिखे गये पत्र आज भी उनके विचारों के दर्पण हैं। उन्होंने विश्व रिकार्ड बनवाने में योगदान देने वाले सभी क्षेत्रवासियों का धन्यवाद किया। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि जेल में भगत सिंह व उनके साथियों ने भूख हडताल की। उनके एक साथी यतीन्द्रनाथ दास ने तो भूख हड़ताल में अपने प्राण ही त्याग दिये थे। ऐसे क्रांतिकारी वीर को कोटि-कोटि नमन करता हूं और युवाओं को उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आग्रह करता हूं। लिमका बुक ऑफ रिकार्ड के अधिकारी ने विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रोविजनल सर्टिफिकेट यादविंद्र सिंह संधू व सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार को सौंपा। स्वामी ब्रह्मानंद वैदिक, आचार्य योगेंद्र, कमांडेट प्रवीन तिवारी, पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, सुरेंद्र छिक्कारा, परिमल खत्री, विजय देशवाल, प्रदीप खत्री, सुभाष फौजी, ललित पंवार, किरण दलाल, रामकुमार चेयरमैन, बड़ी तादाद में गणमान्य व्यक्ति व समस्त स्कूल स्टॉफ उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नरेंद्र/संजीव

Share this story