गुरुग्राम: एम3एम हाइट्स सोसाइटी में व्यक्ति ने दसवीं मंजिल से कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: एम3एम हाइट्स सोसाइटी में व्यक्ति ने दसवीं मंजिल से कूदकर दी जान


गुरुग्राम, 03 मई (हि.स.)। सेक्टर-65 स्थित एम3एमहाइट्स सोसाइटी में रविवार काे एक व्यक्ति ने सोसाइटी की दसवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान प्रशांत यादव के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रशांत यादव 28 अप्रैल को विदेश से लौटे थे। उनके परिवार के सदस्याें का कहना है कि विदेश से आने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि प्रशांत पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे, हालांकि तनाव के पीछे के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story