हिसार : दो लाख 80 हजार रुपये में बिकी भैंस, 59 पशुओं से लुवास को मिले 47.21 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : दो लाख 80 हजार रुपये में बिकी भैंस, 59 पशुओं से लुवास को मिले 47.21 लाख रुपये


हिसार, 14 सितंबर (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय

(लुवास), हिसार के पशुधन उत्पादन प्रबंधन विभाग के भैंस फार्म में आयोजित सार्वजनिक

पशु नीलामी में एक भैंस 2.80 लाख रुपये में बिकी। नीलामी में हरियाणा के अलावा पंजाब,

राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से करीब 250 पशुपालक, प्रजनक और खरीदार पहुंचे।

कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में हुई नीलामी में विभिन्न

आयु वर्ग के 59 पशु बिक्री के लिए रखे गए थे। इनमें 24 भैंस, 11 कटड़ियां और 24 कटड़े

शामिल थे। इनमें से 11 कटड़ों को नीलामी से एक दिन पहले ही प्रजनन के उद्देश्य से विभिन्न

क्षेत्रों के प्रजनकों और पंचायतों ने खरीद लिया था।

सार्वजनिक नीलामी में शेष 48 पशुओं की बोली लगाई गई, जिससे विभाग को 44.70

लाख रुपये की आय हुई। पहले बिक चुके 11 पशुओं को मिलाकर कुल 59 पशुओं से विश्वविद्यालय

को 47.21 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। नीलामी में भैंस संख्या 1131 सबसे महंगी बिकी। इसकी बोली 2.80 लाख रुपये लगी।

24 भैंसों में से 16 की कीमत एक लाख रुपये से अधिक रही, जबकि सात भैंसें डेढ़ लाख रुपये

से अधिक में बिकीं। वहीं 11 कटड़ियों में से चार की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा रही।

पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनीश यादव ने साेमवार काे कहा कि पशुओं

को मिले अच्छे दाम लुवास भैंस फार्म में तैयार किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण पशुधन और विभाग

के प्रजनन कार्यक्रमों की उपयोगिता को दर्शाते हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह

बिढ़ान ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पशुपालकों और प्रजनकों की भागीदारी

गुणवत्तापूर्ण पशुधन की बढ़ती मांग का प्रमाण है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story