पलवल में एलपीजी गैस सप्लाई पूरी तरह सामान्य, कालाबाजारी पर सख्ती, लाइन लगाने की जरूरत नहीं : डीसी
पलवल, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी की खबरों के बीच उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट किया है कि पलवल में घरेलू एलपीजी गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को घबराने या गैस एजेंसियों पर लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि निर्धारित समय के अनुसार बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर घर पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला सचिवालय में बुधवार को आयोजित गैस एजेंसी संचालकों और प्रतिनिधियों की बैठक में उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी एजेंसियां सरकार के तय नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस की डिलीवरी सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से रेजिडेंशियल स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, आंगनबाड़ी और मिड-डे मील जैसी आवश्यक सेवाओं में गैस की आपूर्ति प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने उपभोक्ताओं से केवाईसी अपडेट कराने की अपील करते हुए बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल में गैस बुकिंग की समय सीमा निर्धारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वैध आधार कार्ड या पहचान पत्र वाले उपभोक्ताओं को ही गैस की आपूर्ति की जा रही है और मोबाइल ओटीपी प्रक्रिया अनिवार्य की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि गैस सिलेंडर की सप्लाई केवल घरों तक ही सीमित रखें और किसी भी उपभोक्ता को एजेंसी से सीधे वितरण न किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। यदि कोई व्यक्ति गैस का अनावश्यक भंडारण करता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दी जाए, ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी एजेंसियों को प्रतिदिन गैस स्टॉक की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ, विभिन्न गैस एजेंसी संचालक और पेट्रोल पंप संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

