यमुनानगर:गैस सिलेंडर में विस्फोट, 11 झुलसे

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 09 अप्रैल (हि.स.) जिले के सलेमपुर गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर विस्फोट की घटना में 7 बच्चों और 2 महिलाओं सहित कुल 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एक कमरे में बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और आग तेजी से फैल गई। विस्फोट इतना तीव्र था कि मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और छत में भी दरारें आ गईं।

घटना के समय कमरे में दो भरे हुए सिलेंडर और रखे थे, जो सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि हादसा कुछ देर पहले होता तो नुकसान और अधिक गंभीर हो सकता था, क्योंकि उस समय अधिक लोग कमरे में मौजूद थे। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची।

सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को गंभीर हालत में चंडीगढ़ रेफर किया गया। एक बच्चे का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है। घायलों में संगीता, रामसरण, रामज्ञान, अंशु, नेहा, सरस्वती, शुभवती, शांति, सिमरन और विजयंती शामिल हैं। अधिकांश के शरीर 50 से 60 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। एक घायल ने बताया कि खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी, जिसके चलते आग ने विस्फोट का रूप ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story