हरियाणा निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने किया चुनाव समिति का गठन

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में होने वाले शहरी निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने राज्य स्तरीय चुनाव समिति का गठन किया है।

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, विधान सभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया कटारिया समेत 37 कांग्रेस नेताओं को राज्य स्तरीय चुनाव समिति में शामिल किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, उनके बेटे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह और पूर्व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय यादव को इस चुनाव समिति में जगह नहीं मिली है।

राज्य स्तरीय चुनाव समिति के गठन के बाद 16 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में इस समिति की पहली बैठक होगी, जिसमें प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनाव लडऩे तक की पूरी प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के राज्य स्तरीय चुनाव समिति के गठन और 16 अप्रैल को होने वाली बैठक की जानकारी दी है। चुनाव समिति में हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, सह प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे, कांग्रेस की अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक, अंबाला के सांसद वरुण मुलाना, सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, पंचकूला के विधायक एवं पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई, अंबाला शहर के विधायक एवं पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, मुलाना की विधायक पूजा चौधरी, बरौदा के विधायक इंदुराज नरवाल और पंचकूला के जिला अध्यक्ष संजय चौहान को शामिल किया गया है।

हिसार के सांसद जयप्रकाश जेपी को इस चुनाव कमेटी में जगह नहीं मिल पाई है। अंबाला शहरी के जिला प्रधान पवन अग्रवाल, अंबाला ग्रामीण के जिला प्रधान दुष्यंत चौहान, अंबाला छावनी के जिला प्रधान परविंद्र परी, सोनीपत शहरी के जिला प्रधान कमल दीवान, सोनीपत ग्रामीण के जिला प्रधान संजय कुमार दहिया, पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री जगबीर मलिक, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव जयवीर सिंह वाल्मीकि, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक जसबीर सिंह मल्लौर, पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक सुखबीर फरमाना और पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया को भी राज्य स्तरीय चुनाव समिति में शामिल किया गया है।

हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी, विधान सभा उम्मीदवार जय भगवान अंतिल, सेवादल हरियाणा की मुख्य संगठनकर्ता पूनम चौहान, एनएसयूआइ के राज्य प्रधान अविनाश यादव, एससी सेल के प्रधान मनोज बागडी, ओबीसी विभाग के राज्य प्रधान रमेश सैनी और कामगार व कर्मचारी कांग्रेस के चेयमरैन नरेश मलिक को भी राज्य स्तरीय चुनाव समिति में शामिल किया गया है। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 16 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में दोपहर 12 बजे से होने वाली बैठक में चुनाव प्रबंधन, बूथ की मजबूती, मतदाता संपर्क अभियान और चुनाव के मुद्दों के साथ उम्मीदवारों के चयन पर विस्तार से चर्चा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story