सोनीपत में आशीर्वाद का दीया जलाकर लिया सेवा का संकल्प
सोनीपत, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गुरुवार की रात जिलेभर में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित
किए गए। रेलवे स्टेशन, मंदिरों, सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक
स्थलों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रमों
में जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने भाग लिया।
गोहाना
रेलवे स्टेशन पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पत्नी डॉ. रीटा शर्मा और भाजपा
कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्वलित किए। स्टेशन को रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों से सजाया
गया था। यहां प्रधानमंत्री का नाम भी दीपों से सजाया गया। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा
कि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में सेवा को सर्वोपरि रखा है। आशीर्वाद का दीया
कार्यक्रम सेवा और जनभागीदारी की भावना से जुड़ा है।
बाबा
खाटूश्याम मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा
सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने
मंदिर में माथा टेककर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। सोनीपत
विधायक निखिल मदान ने सामान्य अस्पताल में टीबी की निशुल्क जांच और उपचार के लिए मोबाइल
वैन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और राजेंद्र नगर
के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से संवाद किया।
लघु
सचिवालय में मेयर राजीव जैन और उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों
के साथ दीप प्रज्वलित किए। मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक
जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में योगदान का संकल्प लेना चाहिए। उपायुक्त
ने कहा कि दीप अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है और सेवा संकल्प अभियान में
जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।
राई
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं
दीर्घायु जीवन की कामना के साथ सेवा, जनभागीदारी और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश
दिया गया। गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान ने गुप्तिधाम जैन तीर्थ स्थल पर दीप प्रज्वलित
कर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संकल्प लेने की बात कही। यहां राष्ट्र संत उपाध्याय
गुप्ति सागर जी महाराज ने आशीर्वाद दिया। खरखौदा
विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति की मूल भावना है और अभियान से नागरिकों
को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रमों में वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र
कौशिक, नगरपालिका गन्नौर अध्यक्ष अरुण त्यागी, सचिव प्रदीप कुमार, पूर्व मंत्री कविता
जैन, जिला प्रभारी राजबाला, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका, माईराम कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष
अशोक भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

