सोनीपत: एंबुलेंस बनाकर शराब तस्करी, 92 पेटियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत, 12 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत में शराब तस्करी के लिए एक व्यक्ति ने मारुति ईको गाड़ी
को एंबुलेंस का रूप दे दिया। गाड़ी के आगे और पीछे एंबुलेंस लिखवाकर उसमें मरीजों की
जगह अंग्रेजी शराब की पेटियां भर रखी थीं। चंडीगढ़ से गांव तक शराब की खेप पहुंचाने
के लिए अपनाए गए इस तरीके का गोहाना सीआईए ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गोहाना-गामड़ी
रोड पर गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें से अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां बरामद हुईं।
गुरुवार को पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गन्नौर के गांव बजाना निवासी
प्रदीप है। वह चंडीगढ़ से अंग्रेजी शराब लेकर अपने गांव की तरफ जा रहा था। पुलिस की
नजरों से बचने के लिए उसने मारुति ईको को एंबुलेंस की तरह तैयार कर रखा था। उसे उम्मीद
थी कि एंबुलेंस देखकर रास्ते में पुलिस उस पर शक नहीं करेगी और वह आसानी से शराब की
खेप पहुंचा देगा। गोहाना सीआईए की टीम को आरोपी के शराब तस्करी में शामिल होने
की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने गोहाना-गामड़ी रोड पर नाकाबंदी कर दी। इसी
दौरान एंबुलेंस के रूप में आ रही संदिग्ध ईको गाड़ी को रुकवाया गया। तलाशी लेने पर
उसमें एक ही ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी
को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने इस धंधे में एक अन्य
व्यक्ति के शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस अब पता लगा रही है कि चंडीगढ़ से शराब
कौन उपलब्ध करवाता था और गांव पहुंचने के बाद इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इसी तरीके से शराब की तस्करी कर चुका
है या नहीं। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी
कर रही है, ताकि शराब की खेप के स्रोत, खरीदारों और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के
बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

