कैथल: 10 दिन पहले फर्श के नीचे मिली थी टंकी, अब छत पर रखी टंकी से 650 लीटर लाहण बरामद
कैथल, 22 सितंबर (हि.स.)। डेरा गरजा सिंह में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक ही घर में 10 दिन के अंतराल में दूसरी बार भारी मात्रा में शराब तैयार करने का सामान मिला है। 13 सितंबर को इसी घर के फर्श के नीचे दबाई गई टंकी से करीब 500 लीटर लाहण और पांच बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई थी। अब मंगलवार को पुलिस ने दोबारा सर्च अभियान चलाया तो घर की छत पर रखी टंकी से करीब 650 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मंगलवार को डेरा गरजा सिंह में सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुखविंद्र सिंह के घर की छत पर रखी टंकी पुलिस के हाथ लगी। जांच करने पर इसमें शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 650 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने लाहण को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। गौर करने वाली बात यह है कि 10 दिन पहले 13 सितंबर को भी पुलिस ने इसी घर में कार्रवाई की थी। उस दौरान घर के फर्श के नीचे एक टंकी दबाई हुई मिली थी। उसमें करीब 500 लीटर लाहण भरा था। इसके अलावा एक प्लास्टिक केनी से पांच बोतल हथकड़ी शराब भी बरामद की गई थी। पुलिस के मुताबिक, सुखविंद्र सिंह के खिलाफ पहले से शराब तस्करी के चार मामले दर्ज हैं। एक ही घर से बार-बार अवैध शराब तैयार करने की सामग्री मिलने के बाद पुलिस आरोपी की गतिविधियों के साथ-साथ उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

