पानीपत: शराब ठेकेदार पर गोली चलाने वाला शराब कारोबारी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: शराब ठेकेदार पर गोली चलाने वाला शराब कारोबारी गिरफ्तार


पानीपत, 14 जून (हि.स.)। पानीपत के मतलौड़ा में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार की रात को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर रुपयों के लेनदेन को लेकर अटावला निवासी अंशुल पर पिस्टल से गोली चलाने का आरोप था। इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपी अजीत शराब कारोबारी है,और मतलौड़ा क्षेत्र में शराब के ठेके चलाता है।

अटावला गांव निवासी अंशुल ने अपने गांव के मोनू के साथ मिलकर अजीत से अटावला गांव का शराब ठेका एक साल के लिए ठेके पर लिया था। कुछ समय से अंशुल और अजीत के बीच बकाया रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 10 जून को अंशुल सफीदों में एक अस्पताल के बाहर अजीत से मिलने आया था। बाद में अंशुल अपनी गाड़ी से मतलौड़ा के नरवाल कॉम्प्लेक्स पहुंचा, जहां उसके दो साथी बिट्टू और अमन पहले से फॉर्च्यूनर गाड़ी में इंतजार कर रहे थे। तीनों फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठकर बकाया रुपयों के हिसाब-किताब पर बातचीत करने लगे।

इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और अजीत ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली तो अंशुल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो सोनू ने उस पर गोली चला दी। अंशुल ने पिस्टल पर हाथ मारा, जिससे गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद सोनू ने बिट्टू पर भी गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन अमन ने हाथ मारकर पिस्टल नीचे गिरा दी। आरोपी पिस्टल उठाकर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। अंशुल की शिकायत पर थाना मतलौड़ा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने शनिवार की रात में अजीत को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story