हिसार : मकान के चौबारे पर गिरी आकाशीय बिजली, तेज धमाके से मची अफरा-तफरी
बिजली की फिटिंग और वायरिंग जलकर खाक, दीवारों-छत से उखड़ा सीमेंट, बाल-बाल
बचा परिवार
हिसार, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव बुढ़ाखेड़ा में मौसम के बदले मिजाज
के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव निवासी प्यारेलाल डूडी के मकान के चौबारे पर
अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। शनिवार काे बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ और चौबारे में लगी बिजली
की फिटिंग, वायरिंग और स्विच जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तेज विद्युत प्रवाह
के कारण मकान की दीवारों और छत से कई जगह सीमेंट भी उखड़कर नीचे गिर गया।
आकाशीय बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत घटनास्थल
की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचने पर चौबारे में बिजली की वायरिंग, स्विच और अन्य फिटिंग
जली हुई तथा कई जगह से उखड़ी मिलीं। इसके अलावा दीवारों और छत को भी नुकसान पहुंचा
है। मकान में हुए नुकसान का मंजर देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए।
गनीमत रही कि जिस समय आकाशीय बिजली गिरी, उस वक्त चौबारे में कोई व्यक्ति मौजूद
नहीं था। इसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद मकान मालिक और ग्रामीणों
ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की यह घटना बारिश और खराब मौसम के
दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करती है। उन्होंने लोगों से अपील
की कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के उपकरणों से
दूरी बनाए रखें तथा संभव हो तो सुरक्षित एवं पक्के स्थान पर रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

