पंचकूला के साकेत अस्पताल में लगेगी लिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
पंचकूला के साकेत अस्पताल में लगेगी लिफ्ट


चंडीगढ़, 25 जून (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के साथ पंचकूला स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में लिफ्ट स्थापना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों, विशेषकर दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों तथा उनके परिजनों को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

राज्यपाल से लोक भवन, चंडीगढ़ में आज लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा हुई। प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए जिससे लोगों को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल द्वारा पंचकूला स्थित साकेत अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1.50 करोड़ रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि में से 1 करोड़ रुपये आधुनिक लिफ्ट की स्थापना तथा 50 लाख रुपये आवश्यक चिकित्सा एवं अन्य उपकरणों की खरीद पर व्यय किए जाएंगे।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की। पेयजल व्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने रणबीर गंगवा, जो जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं, को राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story