यमुनानगर के खेतों में दिखाई दिए तीन तेंदुए, ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर के खेतों में दिखाई दिए तीन तेंदुए, ग्रामीणों में दहशत


यमुनानगर, 14 मई (हि.स.)। यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र के संधाय गांव में देर रात खेतों के समीप तीन तेंदुओं के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय खेतों की ओर जाते दौरान टॉर्च की रोशनी में तीनों वन्य जीव स्पष्ट दिखाई दिए। सूचना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीण बबलू ने बताया कि वह मंगलवार देर रात वाहन से खेतों के रास्ते घर लौट रहा था। इसी दौरान उसे खेतों में कुछ हलचल दिखाई दी।

संदेह होने पर उसने वाहन रोककर टॉर्च की रोशनी डाली तो वहां तीन तेंदुए बैठे नजर आए। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार तीनों एक कतार में मौजूद थे और वाहन पास आने पर सतर्क हो गए। उसने बताया कि जैसे ही रोशनी उनकी ओर पड़ी, तीनों तेंदुए खेतों की दूसरी दिशा में बढ़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि इनमें से एक तेंदुआ चलते समय लंगड़ाता हुआ दिखाई दिया, जिससे उसके घायल होने की आशंका जताई जा रही है। संधाय गांव के आसपास घना जंगल क्षेत्र होने के कारण यहां पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधियां सामने आती रही हैं।

ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व भी एक तेंदुआ आबादी वाले इलाके में पहुंच गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद पकड़कर जंगल में छोड़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल क्षेत्र गांव से अधिक दूरी पर नहीं है, जिसके चलते रात के समय खेतों में वन्य जीवों की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि एक साथ तीन तेंदुओं का दिखाई देना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story