यमुनानगर:कलेसर में तेंदुए की मौत, पोस्टमार्टम में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस के लक्ष्ण
संक्रमण की पुष्टि को हिसार में होगी जांच
यमुनानगर, 03 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर जिले में स्थित कलेसर वन क्षेत्र में एक नर तेंदुए की मौत के बाद वन्य जीव विभाग सतर्क हो गया है। पोस्टमार्टम के दौरान तेंदुए में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) के गंभीर लक्षण पाए गए हैं। हालांकि संक्रमण की अंतिम पुष्टि के लिए नमूने जांच हेतु हिसार प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वन विभाग के अनुसार कलेसर अभयारण्य क्षेत्र के निकट शाहजादवाला गांव के ग्रामीणों ने जंगल के किनारे एक बीमार तेंदुए को तड़पते हुए देखा तो इसकी सूचना विभाग को दी। टीम मौके पर पहुंची और उपचार के प्रयास किए, लेकिन तेंदुए ने दम तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय चिकित्सकीय दल ने पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में तेंदुए के लीवर और हृदय पर गंभीर प्रभाव, आंतों में रक्तस्राव तथा श्वसन तंत्र में संक्रमण जैसे लक्षण मिले। चिकित्सकों ने इन्हें कैनाइन डिस्टेंपर वायरस से मिलते-जुलते संकेत बताया है। अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आएगा।
पशुपालन विभाग के डॉ. सतीश धनिया ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम करने के बाद उसके अवशेषों का सुरक्षित निस्तारण हाथी पुनर्वास केंद्र परिसर में किया गया। मृत तेंदुआ नर था और उसकी अनुमानित आयु आठ से दस माह के बीच थी। विभाग पूरे वन क्षेत्र में वन्य जीवों के स्वास्थ्य और गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

