यमुनानगर में ग्रामीणों का दावा,खेतों में दिखा तेंदुआ

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में ग्रामीणों का दावा,खेतों में दिखा तेंदुआ


यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र के बेलगढ़ गांव के पास खेतों में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। घटना के बाद किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं और वन्य प्राणी विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय खेतों के आसपास एक जंगली जानवर दिखाई दिया, जिसे ग्रामीणों ने तेंदुआ बताया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि जानकारी फैलने के बाद से ही किसान अपनी फसलों की देखभाल के लिए खेतों में जाने से बच रहे हैं। इससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय निवासी विकास और अन्य किसानों ने प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बेलगढ़ क्षेत्र के समीप वन क्षेत्र होने के कारण तेंदुआ और अन्य जंगली जीवों का कभी-कभी आबादी की ओर रुख करना असामान्य नहीं है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। ग्रामीणों ने मांग की है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story