जींद : हुड्डा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है : अभय सिंह चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
जींद : हुड्डा का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है : अभय सिंह चौटाला


जींद, 21 अगस्त (हि.स.)। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो चुनाव के दौरान इनेलो पर वोट काटू होने का झूठा आरोप लगाते थे, उनका असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा खुद भाजपा के साथ मिले हुए हैं और वोट बेचने का काम कर रहे हैं। हाल ही में नौ विधायकों के मामले में पांच के वोट भाजपा के पक्ष में डलवाए गए और चार के निरस्त कराए गए। हुड्डा के कानूनी नोटिस पर खुला चैलेंज देते हुए उन्होंने कहा मैं हुड्डा को चुनौती देता हूं कि वह मेरे सामने आए मैं जनता और मीडिया के सामने साबित कर दूंगा कि उन्होंने कहां और कैसे भाजपा की मदद की है।

अभय चौटाला शुक्रवार को कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर को चौधरी देवीलाल की जयंती पर नूंह में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा व कांग्रेस के किसी भी नेता को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। इसमें वही लोग शामिल होंगे, जो इन दलों से दूर हैं। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने एक सोची, समझी राजनीतिक साजिश के तहत झूठे गवाह खड़े करके यह सजा कराई थी। कानूनी टीम सभी दस्तावेजों का अध्ययन कर रही है और आवश्यकता पडऩे पर वे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने जिला जींद के सफीदों व जींद हल्का में हल्का कार्यकर्ताओं की अलग-अलग बैठक को संबोधित किया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सफीदों हमेशा से इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी का रहा करता था लेकिन किसी वजह से वह हमारे पास नहीं रहा। आज आपकी भीड़ को देखते हुए मुझे विश्वास हो रहा है कि इस बार आने वाले चुनाव में दोबारा से आप लोग यहां इनेलो के व्यक्ति को जितवा कर यह सीट इनेलो की झोली में डालने का काम करोगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story