हिसार : हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई : जगजीत शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई : जगजीत शर्मा


कानून का राज स्थापित करने के बजाय दिखावटी कदम

उठा रही सरकार

हिसार, 22 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश में

बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार की आलोचना की है। पार्टी का

कहना है कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय और

असुरक्षा का माहौल बन गया है और सरकार कानून व्यवस्था संभालने

में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता जगजीत शर्मा ने बुधवार काे कहा कि प्रदेश

के विभिन्न जिलों से रोजाना हत्या, लूट, डकैती और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की खबरें

सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं पर लगाम लगाने में नाकाम है। पुलिस प्रशासन

पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करने के बजाय सरकार केवल दिखावटी

कदम उठा रही है और जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा

के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार की पोल खुल चुकी है। बेटियां और महिलाएं खुद को

सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं, जो कि बेहद चिंताजनक स्थिति है। स्कूल-कॉलेज जाने

वाली छात्राओं और कामकाजी महिलाओं में भी भय का माहौल व्याप्त है, जो सरकार की प्राथमिकताओं

पर सवाल खड़ा करता है।

कांग्रेस प्रवक्ता जगजीत शर्मा ने आरोप लगाया

कि कई मामलों में पीड़ितों को न्याय पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि

अपराधियों के खिलाफ समय पर सख्त कार्रवाई नहीं होती। इससे जनता का विश्वास कानून व्यवस्था

और पुलिस प्रशासन से उठता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक

तंगी के कारण युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है, जो अपराध की ओर धकेल रहा है। सरकार यदि

रोजगार के अवसर बढ़ाने और सामाजिक संतुलन बनाए रखने में विफल रहती है, तो कानून व्यवस्था

पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story