सिरसा में डेढ लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी खुराक
सिरसा, 26 जून (हि.स.)। पल्स पोलियो अभियान के तहत शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल से सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में एएनएम ट्रेनिंग स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सिरसा जिले में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए 761 पोलियो बूथ, 33 ट्रांजिट टीमें तथा 162 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। अभियान के दौरान जिले के करीब डेढ़ लाख बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी एवं संचालन के लिए पूरे जिले में 144 सुपरवाइजर तथा 3,276 बूथ सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के बस्तियों तथा हाई-रिस्क क्षेत्रों, जैसे ईंट-भट्टों और घुमंतू परिवारों पर विशेष ध्यान दें, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
सिविल सर्जन ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पाँच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो रोधी खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपना सहयोग दें। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश चौधरी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रॉकी बांसल, उप सिविल सर्जन डॉ. प्रतीक गोयल, एसपीओ योगेश खन्ना, राजेश, विपिन तथा एलएचवी दर्शना सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

