जींद: पूर्व चेयरमैन शमशेर अहलावत का निधन, जुलाना की राजनीति के चार दशक के एक अध्याय का अंत
जींद, 18 नवंबर (हि.स.)। जुलाना विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में करीब चार दशक तक अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के पूर्व प्रत्याशी एवं हरियाणा सरकार के सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन चौधरी शमशेर सिंह अहलावत (80) का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और रोहतक के कायनोस अस्पताल में वेंटिलेटर पर उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही जुलाना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को उनका शव अंतिम संस्कार के लिए जींद आवास पर लाया गया। जहां पर राजनीतिज्ञों, शहर के मौजिज तथा गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन स्व. शमशेर सिंह अहलावत के बेटे डा. गजेंद्र सिंह अहलावत ने बताया कि उनके पिता का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब था। करीब एक माह तक गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चला। इसके बाद उन्हें रोहतक के कायनोस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा था। उपचार के दौरान बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। डा. गजेंद्र सिंह अहलावत के अनुसार चौधरी शमशेर सिंह अहलावत का अंतिम संस्कार 19 नवंबर को बाद दोपहर दो बजे उनके पैतृक गांव लजवाना खुर्द स्थित चौधरी फतेह सिंह फार्म में किया जाएगा। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक, सामाजिक और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
चौधरी शमशेर सिंह अहलावत पूर्व विधायक चौधरी फतेह सिंह के बेटे थे। उन्हें राजनीति विरासत में मिली लेकिन उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। जुलाना विधानसभा क्षेत्र में चार दशक तक उनकी सक्रियता रही। क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती थी। वह राष्ट्रीय दलों की टिकट पर पुराना विधानसभा क्षेत्र से पांच बार चुनाव लड़ चुके थे। वर्ष 2005 में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जुलाना विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था। प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत लहर के बावजूद उन्होंने सम्मानजनक मत हासिल किए थे। वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उन्होंने चुनाव लडऩे में असमर्थता जताते हुए अपना नाम वापस ले लिया था।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

