हांसी : शहीद निशांत मलिक के परिवार में जमीनी विवाद, थाने में हुई हाथापाई
माता-पिता ने लगाए
गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप
हांसी, 13 मई (हि.स.)।
जमीन विवाद को लेकर शहीद निशांत मलिक के परिवार और उनके रिश्तेदारों के बीच विवाद इतना
बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। शहीद के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि थाने के
अंदर उनके साथ हाथापाई, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
इस संबंध में शहीद
निशांत मलिक की माता राजबाला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की
है। पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका अपने तीन देवरों के साथ
घरेलू और जमीन संबंधी विवाद चल रहा है, जिसकी शिकायत पहले ही सदर थाना में दी जा चुकी
थी। इस मामले को लेकर वह डीएसपी से भी मिली थीं, जिन्होंने उन्हें सदर थाना एसएचओ से
मिलने के लिए कहा था।
राजबाला के अनुसार
बुधवार दोपहर करीब दो बजे उन्हें समझौते के लिए सदर थाना बुलाया गया था। उनका आरोप
है कि वहां उनके देवरों के साथ एक रिटायर्ड पुलिस कर्मचारी भी मौजूद था। बातचीत के
दौरान पहले गाली-गलौज हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। उन्होंने आरोप लगाया
कि उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। राजबाला का कहना है कि
पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। भावुक होते हुए राजबाला कहा कि
उनका बेटा देश के लिए शहीद हुआ था, लेकिन अब कुछ लोग उसकी जमीन और पैसे पर कब्जा करना
चाहते हैं। शहीद के पिता जयवीर मलिक ने दावा किया कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने
पहुंचे कई पुलिस कर्मचारियों की वर्दी तक फट गई।
हालांकि मामले में
जांच अधिकारी नरेंद्र ने कहा कि आपसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई
हुई थी लेकिन मौके पर ही मामला शांत करवा दिया गया। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की
वर्दी फटने की बात से इनकार किया। दूसरी ओर सदर थाना प्रभारी ने कहा कि अभी तक उन्हें
इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई
की जाएगी। गौरतलब है कि ढंढेरी
गांव निवासी निशांत मलिक 11 अगस्त 2022 को रक्षाबंधन के दिन आतंकवादियों से मुकाबला
करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

