कैथल: जमीन का इकरारनामा कर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: जमीन का इकरारनामा कर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 12 नवंबर (हि.स.)। जमीन बेचने का इकरारनामा कर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में गुरुवार काे आर्थिक अपराध शाखा (इकनॉमिक सेल) ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव जाजनपुर निवासी गंगा राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 40 कनाल जमीन का मालिक बताकर दाे करोड़ पांच लाख 50 हजार रुपये में सौदा किया था और 50 लाख रुपये बयाना राशि के रूप में प्राप्त किए थे। इसके बावजूद उसने तय समय पर जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एसआई कुलबीर सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गंगा राम को गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता सुधीर कुमार के अनुसार, गंगा राम ने खुद को गांव दादवाना की 40 कनाल जमीन का मालिक बताते हुए उसके और उसके साथी अंगरेज सिंह के साथ जमीन का दाे करोड़ पांच लाख 50 हजार रुपये में इकरारनामा किया था। इस दौरान आरोपी ने 50 लाख रुपये बयाना के तौर पर प्राप्त किए और 15 मई 2026 तक जमीन की रजिस्ट्री करवाने का भरोसा दिया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, निर्धारित तारीख पर वह अपने साथी के साथ रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां नहीं आया। इसके बाद उसे कानूनी नोटिस भी भेजा गया, लेकिन आरोपी ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। जांच के दौरान सामने आया कि इकरारनामा करते समय आरोपी के नाम केवल 32 कनाल जमीन थी, जबकि उसने 40 कनाल जमीन का मालिक बताकर बयाना राशि के रूप में 50 लाख रुपये प्राप्त किए थे। आरोप है कि इकरारनामा करने के बाद आरोपी ने 30 कनाल जमीन रिलीज डीड के माध्यम से अपने पोतों के नाम भी हस्तांतरित कर दी। शिकायत के आधार पर थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ पूरी करने के बाद उसे अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story