पानीपत: परिवार गया था घर से बाहर,चोरों ने नकदी व गहने चुराए

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: परिवार गया था घर से बाहर,चोरों ने नकदी व गहने चुराए


पानीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत स्थित न्यू विजय नगर में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी सहित कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। आज जब पीड़ित परिवार घर लौटा, तो घर का सारा सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। परिवार को समझते देर नहीं लगी और आनन फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही तहसील कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित रोहित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब भोला चौक और न्यू विजय नगर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

न्यू विजय नगर निवासी रोहित ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम को अपने घर पर ताला लगाकर किसी काम से समालखा गया था। घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। रोहित ने बताया कि जब वह आज घर वापस आया, तो उसने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर कमरे में रखी लोहे की अलमारी का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, अलमारी की जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे 2 लाख रुपए नकद, चांदी की पायल की जोड़ी, सोने के झुमके, सोने का सेट और एक अंगूठी गायब थी। चोरों ने बड़ी तसल्ली के साथ चोरी को अंजाम दिया। और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी तहसील कैंप ने बताया कि पीड़ित रोहित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story