अब 1.80 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
अब 1.80 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ : नायब सैनी


-सरकार ने पिछले 12 साल में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची पर्ची दी सरकारी नौकरी

चंडीगढ़, 20 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवंबर के महीने में 1.80 लाख रुपए तक आय वाली पात्र महिलाओं को लाडो लक्ष्मी का लाभ मिलेगा। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी नाम से महत्वपूर्ण योजना को लागू करके महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के वायदे को पूरा किया है। अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को योजना का विस्तार किया गया है, अब 1.80 लाख वार्षिक आय वाले परिवार को लाभार्थी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विस्तार के बाद आवेदन के लिए पोर्टल को खोला गया है और पात्र महिलाओं को एक नवंबर के दिन योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ऑनलाइन माध्यम से उनके खातों भेजी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 12 साल में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी है, इससे पहले की सरकार में सरकारी नौकरी पाने के लिए पैसा और सिफारिश ढूंढनी पड़ती थी ,लेकिन अब गरीब का बेटा ग्रुप डी से लेकर एचसीएस तक की नौकरी योग्यता के आधार पर पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज गति के साथ विकास कार्य करवाएं जा रहे है।

उन्होंने गांव कालीरानों में गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए और लाइब्रेरी की किताबों के लिए 2 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव सुल्तानपुर में 21 लाख रुपए गांव के विकास के लिए और 5 लाख रुपए गुरुद्वारा साहिब में देने की घोषणा की, इसी तरह गांव सोंटी, गांव बीड सोंटी और गांव के गुरुद्वारा साहिब में 21-21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेन्द्र सैनी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनाव से पहले हरियाणा सरकार ने नागरिकों से 217 वायदे किए थे, जिनमें से सरकार द्वारा अब तक 70 वायदों को पूरा करने का काम किया गया है और बाकि पर तीव्र गति से काम किया जा रहा है। सरकार द्वारा शपथ लेते ही अपने वादों को पूरा करने का काम शुरु कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नेशनल हाईवे और अन्य बड़े मार्गों से जोडऩे के लिए सडक़ों का जाल बिछाने का काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सबसे पहले प्रदेश सरकार ने किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदे का काम शुरू किया। कांग्रेस के नेता सरकार से 24 फसलों की जानकारी मांग रहे है, उन्हें प्रदेश में किसानों द्वारा कितनी प्रकार की फसलों का उत्पादन किया जा रहा है इसके बारे में भी पूर्ण ज्ञान नहीं है। अब विपक्ष एमएसपी के नाम पर झूठ बोलते हुए किसानों में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।

इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, कालीरानो सरपंच राजीव कुमार, सुल्तानपुर सरपंच ममता रानी, सरपंच सुरेश, सरपंच सुखविंदर सिंह, नायब सिंह पटाक माजरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story