कैथल: शराब के नशे में साथी ने की मजदूर की चाकू घोंपकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: शराब के नशे में साथी ने की मजदूर की चाकू घोंपकर हत्या


कैथल, 25 अगस्त (हि.स.)। पूंडरी थाना क्षेत्र के गांव बरसाना में मंगलवार को दो प्रवासी मजदूरों के बीच शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी खूनी झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विजय नामक मजदूर ने अपने साथी सुबोध की छाती में चाकू घोंप दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सुबोध की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर एक-दूसरे को जानते थे और साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान विजय ने पास पड़ा चाकू उठाकर सुबोध की छाती में घोंप दिया। वारदात के बाद वह मौके से भाग गया।

घटना की सूचना मिलने पर पूंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां सुबोध मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान बिहार निवासी सुबोध के रूप में हुई है, जबकि वारदात को अंजाम देने का आरोप उसके साथी विजय पर है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पूंडरी थाना के जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि गांव बरसाना में दो मजदूरों के बीच कहासुनी के बाद एक मजदूर की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और उसे जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story