सोनीपत: वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, दो दिन बाद हुई शिनाख्त

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, दो दिन बाद हुई शिनाख्त


सोनीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत

जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की

मौत हो गई। हादसे के समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते पुलिस ने शव को नागरिक

अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। दो दिन बाद पुलिस

द्वारा जारी फोटो देखकर मृतक के बेटे ने अपने पिता की पहचान की। शिकायत मिलने के बाद

पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुंडली

के प्याऊ मनियारी निवासी थाम बहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता

लोक बहादुर 22 जुलाई 2026 को रोज की तरह काम पर गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।

परिवार ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में

जानकारी मिली कि जीटी रोड पर प्याऊ मनियारी के पास सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार

वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस

के अनुसार 22 जुलाई को कंट्रोल रूम से सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पीएसआई रोहित पुलिस

टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला।

आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ और मृतक की तलाशी लेने के बावजूद कोई पहचान संबंधी दस्तावेज

नहीं मिले। इसके बाद घायल को नागरिक अस्पताल, सोनीपत ले जाया गया, जहां चिकित्सकों

ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई।

मृतक

की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी फोटो विभिन्न पुलिस समूहों और सार्वजनिक माध्यमों से

साझा की। 24 जुलाई को थाम बहादुर ने फोटो देखकर मृतक की पहचान अपने पिता लोक बहादुर

के रूप में की और पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर कुंडली थाना पुलिस ने वाहन

चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई रवि को सौंपी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story