रेवाड़ी में कुसुम इंटरनेशनल व गुरुग्राम में मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

विधानसभा में पास हुआ निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक

चंडीगढ़, 01 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी व गुरुग्राम में दो निजी विश्वविद्यालय खुलेंगे। मंगलवार को मानसून सत्र के अंतिम दिन सरकार ने विधानसभा में हरियाणा निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2026 पास कर दिया। सरकार का तर्क है कि विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत उच्च शिक्षा में 50 प्रतिशत सकल नामांकन अनुपात के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मौजूदा संस्थागत क्षमता पर्याप्त नहीं है।

विधानसभा में पास किए गए बिल में हरियाणा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2006 की अनुसूची में दो नए नाम जोड़े गए हैं। इनमें कुसुम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, जिला रेवाड़ी और मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी, जिला गुरुग्राम शामिल हैं। बिल की अनुसूची में इन दोनों को क्रमश: 28 और 29 नंबर पर जोड़ा गया है।

कुसुम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना को लेकर राज्य मंत्रिमंडल पहले ही मंजूरी दे चुका है। सरकार के अनुसार, यह पहल उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने और एनईपी-2020 के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए की जा रही है। वहीं मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी गुरुग्राम की स्थापना शांति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 5.14 एकड़ जमीन और लगभग 1.07 लाख वर्ग फुट निर्मित भवन उपलब्ध होने की जानकारी सरकार ने दी है। बिल के साथ संलग्न मौजूदा अनुसूची पर नजर डालें तो हरियाणा निजी विश्वविद्यालय अधिनियम में फिलहाल 27 विश्वविद्यालयों के नाम दर्ज हैं। इस संशोधन के बाद अधिनियम की अनुसूची में निजी विश्वविद्यालयों की संख्या 27 से बढक़र 29 हो जाएगी। सरकार का दीर्घकालीन प्लान उच्च शिक्षा का विस्तार करने के साथ उसकी गुणवत्ता बढ़ाने का भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story