पानीपत: गांव खुखरना को दूसरी जगह बसाने का कार्य पूर्ण
पानीपत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के गांव खुखराना को अन्यत्र स्थापित करने के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में चल रहे 'सुनील कश्यप बनाम हरियाणा सरकार' में जिला प्रशासन ने गांव की स्थिति रिपोर्ट दाखिल कर दी है। पानीपत थर्मल पावर प्लांट से निकलने वाली राख से होने वाले स्वास्थ्य खतरों को देखते हुए खुखराना गांव को अन्यत्र स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रशासन के अनुसार गांव को अन्यत्र स्थापित करने के लिए सब-तहसील मतलौडा के गांव सोंधापुर के पास 39.5 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया था। संबंधित किसानों को मुआवजे का भुगतान भी किया जा चुका है, और उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम
ने नवनिर्मित गांव में बिजली का बुनियादी ढांचा तैयार कर दिया है। उपभोक्ता अब ऑनलाइन आवेदन कर बिजली कनेक्शन ले सकते हैं।
पंचायती राज विभाग के अनुसार गांव में सीसी सड़कें, नाले, सामुदायिक भवन, पार्क, व्यायामशाला, और श्मशान घाट के शेड व बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी की रिपोर्ट के अनुसार, ड्रा प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 445 लाभार्थियों को उनके आकार के अनुसार प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। लाभार्थियों को प्लॉट के आवंटन पत्र और भौतिक कब्जा देने की प्रक्रिया आगामी तीन महीनों में पूरी होने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, सब-हेल्थ सेंटर का निर्माण अभी लंबित है। इसके प्रशासनिक अनुमोदन के लिए एस्टीमेट सिविल सर्जन, पानीपत को भेज दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विस्थापन की पूरी प्रक्रिया पर जिला राजस्व अधिकारी और जिला नगर योजनाकार लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

