कैथल: खाटू श्याम मेले में चोरों का आतंक, तीन महिलाओं के गहने चोरी

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 21 नवंबर (हि.स.) तितरम थाना क्षेत्र के गांव सिसला स्थित खाटू श्याम धाम में आयोजित जन्मोत्सव मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। मेले में पूजा-अर्चना और लंगर का प्रसाद ग्रहण करने पहुंची तीन महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी हो गए। किसी का मंगलसूत्र गायब हो गया तो किसी की सोने की चेन और लॉकेट पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। हालांकि श्रद्धालुओं का दावा है कि मेले में करीब 10 लोगों के गहने और पर्स चोरी हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने तीन महिलाओं की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेगा गांव निवासी बबली पत्नी वेदप्रकाश 20 नवंबर को पड़ोसियों के साथ सिसला धाम में दर्शन करने पहुंची थीं। दोपहर करीब एक बजे वह लंगर हॉल में भोजन करने बैठीं, इसी दौरान किसी ने पीछे से उनकी गर्दन पर हाथ मारकर गले से सोने की चेन और लॉकेट तोड़ लिया। घटना का पता चलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आभूषणों का कोई सुराग नहीं लगा। इसी मेले में सिसमौर निवासी सुनीता के काले डोरे में पहना लॉकेट और गुलियाना निवासी पूनम देवी का मंगलसूत्र भी चोरी हो गया।

पांच तोले की चेन चोरी, संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा

बबली के बेटे सुनील के अनुसार, उनकी मां की सोने की चेन करीब पांच तोले की थी। वारदात के बाद उनकी मां ने अन्य श्रद्धालुओं की मदद से एक संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मेले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन लंगर हॉल में लगे कैमरे में वारदात स्पष्ट दिखाई नहीं दी।

सुनील ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि वह रात को दो-तीन बार थाना प्रभारी से मिलने गए, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद शनिवार को कैथल एसपी कार्यालय पहुंचकर भी उन्होंने अपनी बात रखी। सुनील का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद उनकी मां के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। तितरम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल ने बताया कि तीन महिलाओं की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story