जींद : स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट, चलाया चेकिंग अभियान
जींद, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस एवं अन्य ठहरने के स्थानों की नियमित रूप से प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में स्थित होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, लॉज एवं अन्य ठहरने के स्थानों की विशेष रूप से बुधवार को सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान वहां ठहरे व्यक्तियों के पहचान पत्र, एंट्री, गेस्ट रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक रिकॉर्ड की जांच की गई।
पुलिस द्वारा ठहरने के स्थानों पर आने-जाने वाले संदिग्ध एवं अपरिचित व्यक्तियों तथा उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल, धर्मशाला एवं गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना उचित पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न करवाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके साथ ही पुलिस टीमों द्वारा सीसी टीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अजनबी व्यक्तियों की भी की जा रही है जांच
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रों में अजनबी व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन की कार्रवाई भी अधिक से अधिक की जा रही है। पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध अथवा बिना उचित पहचान के घूम रहे व्यक्तियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि यह विशेष चेकिंग अभियान स्वतंत्रता दिवस तक लगातार एवं प्रभावी रूप से जारी रखे तथा की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड थाना स्तर पर सुरक्षित किया जाए। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं व्यक्तिगत रूप से सुरक्षा व्यवस्था एवं चेकिंग अभियान की अनुपालना सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। जींद पुलिस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

