करनाल पुलिस ने मुठभेड़ में दो हत्यारोपियों को किया ढेर

WhatsApp Channel Join Now

बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में पुलिस कर थी तलाश

चंडीगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। करनाल पुलिस ने बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के आरोपियों को एनकांउटर में ढेर कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने ही बीरू वाल्मीकि की बुधवार रात को सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की थी। इसके बाद पत्नी और परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए अंबेडकर चौक जाम रखा था। एसपी ने मौके पर पहुंचकर परिवार से दस घंटे मांगे थे।

इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और सात के खिलाफ केस दर्ज कर हमलावरों की तेजी से तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार बीरू की हत्या के बाद आरोपियों की तलाश के लिए 5 टीमें लगाई गई थीं। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक पर सवार होकर नहर की पटरी से घोघड़ीपुर गांव की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही बाइक सवार दोनों युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की।

इसमें दोनों बदमाशों को गोली लगी और दोनों घायल होकर नीचे गिर गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मारे गए बदमाशों की पहचान हर्ष (24) निवासी नीलोखेड़ी और बीरबल (29) निवासी गांव मटरवा खेड़ी, कैथल के रूप में हुई है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के पास पहुंचकर तलाशी ली। दोनों के कब्जे से बंदूक, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।

एनकाउंटर की सूचना मिलते ही एसपी नरेंद्र बिजारणिया समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कराई। एसपी ने बताया कि मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस इस मामले में आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story