कैथल में महर्षि कश्यप धर्मशाला, इंद्री में चौक व कुरुक्षेत्र में अकादमिक पीठ बनेगी : नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में महर्षि कश्यप धर्मशाला, इंद्री में चौक व कुरुक्षेत्र में अकादमिक पीठ बनेगी : नायब सिंह सैनी


-कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महर्षि कश्यप चेयर हेतु दिया जाएगा फंड

चंडीगढ़, 24 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि कैथल में महर्षि कश्यप के नाम से धर्मशाला बनाने के लिए समाज द्वारा प्रस्ताव देने पर उचित स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा और इंद्री में महर्षि कश्यप के नाम से चौक का नामकरण करके वहां पर महर्षि कश्यप की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महर्षि कश्यप के नाम से अकादमिक पीठ (Academic Chair / Professorship Chair)स्थापित करने हेतु उचित फंड उपलब्ध करवाया जाएगा।नायब सिंह सैनी रविवार को चंडीगढ़ में संत कबीर कुटीर में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य-स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप ने समाज को एक नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। उन्होंने कश्यप समाज के इतिहास को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इस समाज ने रामायण काल में निषाद् जैसे बलशाली राजा दिये। राजा निषाद् ने ही वनवास के समय प्रभु श्री रामचंद्र जी को अपने यहां आश्रय दिया था। भक्त प्रहलाद भी इस समाज की देन हैं। दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पंच प्यारों में भाई हिम्मत सिंह कश्यप जी भी इसी समाज से थे।

नायब सिंह सैनी ने कश्यप समाज को साहसी, वीर, परिश्रमी और स्वाभिमानी बताया और कहा कि आप लोगों में अपार क्षमताएं हैं। आपको अभी बहुत आगे बढ़ना है। अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग करके आप न केवल अपनी कौम का भला कर सकते हैं बल्कि पूरे समाज के विकास में रचनात्मक भूमिका निभा सकते है।

इंद्री विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामकुमार कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि वैसे तो कश्यप समाज महर्षि कश्यप की जयंती कैथल में विशाल समारोह के साथ मनाना चाहता था लेकिन पश्चिमी देशों में हुई जंग से बनी पैट्रोलियम पदार्थों की कमी को ध्यान में रखा और प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अपील पर गौर करते हुए छोटा कार्यक्रम किया गया है ताकि डीजल और पेट्रोल की बचत की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story