मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीद नायक मलकीत सिंह को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीद नायक मलकीत सिंह को दी श्रद्धांजलि


चंडीगढ़, 13 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के पटियाला जिले के गांव हडाना में कारगिल युद्ध के अमर शहीद नायक मलकीत सिंह की 26वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद नायक मलकीत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के लिए दिए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर शहीद के परिवारजनों से संवाद किया और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। शहीद नायक मलकीत सिंह का अदम्य साहस, वीरता और मां भारती के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद नायक मलकीत सिंह की वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति और देश की सेवा के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी। राष्ट्र अपने वीर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। ऐसे अमर सपूतों की शहादत देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story