यमुनानगर के बिलासपुर में 20 से 24 नवंबर तक होगा राज्य स्तरीय कपालमोचन मेला
चंडीगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुनानगर जिले के बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कपालमोचन मेले को भव्य, दिव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाए। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला प्रदेश की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को राज्यस्तरीय कपालमोचन मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में लगभग 122 एकड़ क्षेत्र में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन मेले में एक भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाए, जिसमें सिखों के सभी दस गुरुओं के गौरवशाली इतिहास, उनके जीवन दर्शन, शिक्षाओं और समाज के प्रति योगदान को सचित्र रूप में प्रदर्शित किया जाए। इसके अतिरिक्त एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर प्रदेश की विकास यात्रा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के विशिष्ट अतिथि भी इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। उन्होंने बताया कि संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत 24 नवंबर को सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती भी बिलासपुर में मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को एक यादगार आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, ठहरने के उचित स्थान, स्वच्छ पेयजल तथा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक कपालमोचन मेला श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केन्द्र है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

