यमुनानगर: ट्रक की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, जल लेकर लौट रहे थे दोनों श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: ट्रक की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, जल लेकर लौट रहे थे दोनों श्रद्धालु


यमुनानगर, 07 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर में कांवड़ यात्रा के दौरान रादौर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव धौड़ग के निकट गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। दोनों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने शिवालय लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

जींद जिले के नरवाना निवासी हादसे में सचिन (21) और अजय कुमार (21) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में साथ चल रहे श्रद्धालु विक्रम कुमार ने बताया कि उनका जत्था 3 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेकर पैदल नरवाना के लिए रवाना हुआ था।

गुरुवार देर रात जब वे गांव घोड़ग के पास पहुंचे, तभी यमुनानगर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। विक्रम ने सड़क किनारे हटकर अपनी जान बचाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं।

परिजनों के अनुसार, दोनों युवक पहली बार कांवड़ यात्रा पर गए थे। सचिन की इसी वर्ष अप्रैल में शादी हुई थी और वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वहीं अजय खेती-बाड़ी से जुड़ा हुआ था और दो भाइयों में छोटा था। दोनों की असामयिक मृत्यु से परिवारों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए नरवाना ले जाया गया। वहीं साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा सीमा में सड़क पर पर्याप्त रोशनी और यातायात प्रबंधन की कमी भी हादसे का एक कारण हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story